डबल इंजन की धुआॅ छोडू सरकार ने युवाओं को बेरोजगार बनाने का कार्य किया-गौरव वल्लभ

 किया दावा कांग्रेस सरकार बनने पर कुम्भ घपला करने वालों को सजा दिलायेगें

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की धुआं छोडू डबल इंजन सरकार ने युवाओं को केवल बेरोजगारी दी है। अपने पांच साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने 57हजार सरकारी पदों को भरने में पूरी तरह विफल रही। आरोप लगाया कि उत्तराखंड में चार साल के अंदर सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ी है। सवा चार लाख लोगों ने नौकरी गवाई है। कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कुम्भ के दौरान घपला करने वालों को जेल भेजा जायेगा। उन्होने दावा किया कि उत्तराखंड में इस बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। प्रो0 गौरव बल्लभ गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान प्रो. गौरव वल्लभ ने कहा कि उत्तराखंड में कुशासन के कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। कहा कि देहरादून में सबसे ज्यादा और दूसरे नंबर पर हरिद्वार में बेरोजगार हैं। सेवायोजन के आंकड़ों के अनुसार आठ लाख से ज्यादा युवाओं ने पंजीकरण कराया। बेरोजगारी की दर में 9.7 की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि आंकड़े दर्शाते हैं कि भाजपा की प्राथमिकता कभी रोजगार देना ही नहीं था। प्रदेश में 57 हजार राजपत्रित व अराजपत्रित पद रिक्त पड़े हैं। कांग्रेस के समय में बेरोजगारी दर जो 1.15 थी वह अब 21 फीसदी तक पहुंच गई है। सरकार की गलत नीतियों के चलते उत्तराखण्ड जैसे छोटे राज्य में बेरोजगारी चरम पर है। लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। सरकार विभागों में रिक्त पदों को भी सरकार नहीं भर पायी। रोजगार के मोर्चे पर भाजपा सरकार की उदासीनता के चलते पांच साल से पीसीएस परीक्षा तक नहीं करायी गयी। अधिकारी बनने की उम्मीद में पीसीएस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले हजारों युवा आयु सीमा पार कर गए। कहा प्रदेश की जनता चुनाव में इसका जवाब भाजपा को देगी। इस दौरान उन्होंने आमदनी न हुई दोगुना, दर्द सौ गुना पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धर्म के नाम पर भी भ्रष्टाचार करने पर तुली है। उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीराम के मंदिर के नाम पर चंदे में और उत्तराखंड में कुंभ के नाम पर घोटाला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही भ्रष्टाचारी जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के चुनाव न लड़ने के ऐलान पर चुटकी ली। कहा कि मैच शुरू होने से पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री ने हाथ खड़े कर दिए। क्योंकि उन्हें मालूम था कि जनता अब बदलाव के मूड में है। किसानों की आय दोगुना करने का वादा करने वाले भाजपा सरकार किसानों को राहत देने में भी विफल रही है। पार्टी में गुटबाजी को लेकर पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने इससे इंकार करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। हरिद्वार सीट पर पार्टी प्रत्याशी के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है। प्रैसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, कांग्रेस नेता एडवोकेट अरविन्द शर्मा, पार्षद राजीव भार्गव, पूर्व पार्षद अमन गर्ग सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।