संसदीय बोर्ड की बैठक में हर विधानसभा सीट में मंथन के बाद 59 प्रत्याशियों के नामों पर लगी मुहर
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी हैं। संसदीय बोर्ड की बैठक में हर विधानसभा सीट में मंथन के बाद 59 प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को हरिद्वार विस सीट से पांचवी बार चुनावी मैदान में उतारा गया है। कैबिनेट मंत्रियों, कई बार के विधायकों और बीजेपी सर्वे में मजबूत स्थिति में पाए गए सीटिंग विधायकों को दोबारा टिकट दिए गए हैं। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव-2022 के लिए 14 फरवरी को मतदान होगा। गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार संसदीय बोर्ड में शामिल थे। विधानसभा की 11 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के चयन पर पेच फंस गया है। बुधवार को नई दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक में इन सीटों पर सहमति बनाने के प्रयास हुए लेकिन कई दौर के मंथन के बाद भी अंतिम निर्णय नहीं हो पाया। विधानसभा चुनावों में प्रत्याशियों के चयन के लिए बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी, जिसमें सभी 70 विस सीटों पर एक-एक कर प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन किया गया। लेकिन 11 के करीब सीटों पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया। संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद राज्य नेतृत्व की अलग से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ एक-एक सीट पर चर्चा हुई लेकिन फिर भी सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों ने बताया कि जिन 11 के करीब सीटों पर पेच फंसा हुआ है वे सभी मौजूदा विधायकों की हैं। जबकि कुछ सीटों पर पैनल में भेजे गए सभी नाम मजबूत हैं।