विजय संकल्प यात्रा में शामिल हुई पहलवान बबीता फोगाट,भाजपा के समर्थन का आहवान
हरिद्वार। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट शामिल हुईं। संकल्प यात्रा में बबीता फोगाट ने भाजपा को एक और मौका देने की वकालत करते हुए कहा कि भाजपा ने सभी वर्गों के लिए काम किया है। ऐसे में जनता को उन्हें सरकार बनाने का एक मौका और देना चाहिए। मंगलवार को विजय संकल्प यात्रा रानीपुर से ज्वालापुर होते हुए हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के लालढांग पहुंची। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय कुश्ती विजेता बबीता फोगट ने कहा भाजपा की सरकार के रहते देश और प्रदेश में संपूर्ण विकास हुआ है। सड़क, बिजली, पानी के साथ ही भाजपा ने हर व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। ऐसी सरकार को एक ओर मौका दिया जाना चाहिए ताकि भारत का नाम दुनिया के हर क्षेत्र में अग्रिम हो। बबीता ने कहा कि खिलाड़ियों को भाजपा के शासनकाल में जो मान-सम्मान मिला वह कभी किसी सरकार में नहीं था। स्वयं प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से बात करके उनका मनोबल बढ़ाने का काम किया। मंगलवार सुबह विजय संकल्प यात्रा रानीपुर विधानसभा के गांव रोशनाबाद से शुरू हुई। यहां से संकल्प यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, पीलीभीत की सांसद रेखा वर्मा, स्थानीय विधायक आदेश चैहान सहित प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे। यात्रा आन्नेकी हेत्तमपुर और औरंगाबाद में भ्रमण कर, ज्वालापुर विधानसभा के गांव पूरनपुर पहुंची। यहां भाजपा विधायक सुरेश राठौर सैकड़ों वाहनों और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा में शामिल हो गए। यहां एक जनसभा में राज्य के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि धामी सरकार में हर वर्ग को सरकारी योजनाओं का तुरंत लाभ मिल रहा है। जो घोषणाएं सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा की जा रही है। उन पर तुरंत शासनादेश जारी हो रहे हैं और विकास कार्य निरंतर जारी है। हरिद्वार सांसद डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा का कद बढ़ रहा है उससे विपक्ष घबराया हुआ है। निशंक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए कहा कि आखिरी छोर पर बैठा व्यक्ति भी सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहा है। यही भाजपा की जीत है। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ.जयपाल चैहान, पूर्व दर्जाधारी सुशील चैहान, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष तेल्लु राम चनालिया, मंडल अध्यक्ष राजबीर कलानिया, विधानसभा प्रभारी अनिल अरोड़ा, हितेश चैहान, प्रताप सिंह, मनीराम, राजपाल सिंह, दिलीप कुमार, रविंद्र कौर राठौर, मंजू रानी, संगीता, रेशु चैहान आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।