हड़ताली वन विभाग के कर्मचारियों ने दी प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी

 हरिद्वार। प्रभागीय वनाधिकारी के खिलाफ जारी हड़ताल खत्म होने का नाम ही नही ले रही है। प्रभागीय वनाधिकारी के खिलाफ वनकर्मियों की हड़ताल 19वें दिन भी जारी रही। हडताली कर्मचारियों ने 31 दिसंबर तक वनाधिकारी का ट्रांसफर न किए जाने पर वन कर्मियों ने राज्य स्तरीय हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। उत्तराखंड फॉरेस्ट संयुक्त संघर्ष समिति हरिद्वार के मुख्य संयोजक रणवीर सिंह रावत ने कहा कि जब तक डीएफओ डॉ धर्म सिंह मीणा का ट्रांसफर नहीं किया जाता है उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम उत्तरांचल फॉरेस्ट मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीप चंद्र पांडे और महामंत्री राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख वन संरक्षक से देहरादून में मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करते हुए प्रमुख वन संरक्षक ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने 31 दिसंबर तक कर्मचारियों की मांग को पूरा करने का भरोसा दिलाया है। वन कर्मियों ने चेतावनी दी है कि 31 दिसंबर तक हरिद्वार के डीएफओ धर्म सिंह मीणा का ट्रांसफर नहीं किया जाता है तो वन विभाग के समस्त कार्यालयों में प्रदेश स्तरीय हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।