कैंडल मार्च निकालकर किसाना आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी ने कृषि कानून वापस लिए जाने की घोषणा के बाद कैंडल मार्च निकालकर आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ब्लॉक ज्वालापुर, मध्य हरिद्वार और शिवालिक नगर में किसान विजय दिवस मनाया गया। जबकि शाम को प्रेमनगर आश्रम घाट पर शहीद किसानों की आत्मा की शांति कैंडल जलाकर प्रार्थना की। प्रदेश महासचिव डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि दो वर्ष से किसान अपने बीवी बच्चों के साथ दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए थे। उन्हें मालूम था कि आने वाली पीढ़ी तीन काले कानूनों से शायद अपनी जमीन भी खो देगी। फसलों का कोई दाम नहीं मिल पाएगा। भविष्य को देखते हुए किसान अपने परिवारों के साथ दिल्ली की सीमाओं पर लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे थे। मजबूर होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों काले कानून रद करने की घोषणा की है। आंदोलन में 700 किसान शहीद हुए। उन किसानों की आत्मा शांति के लिए कामना की गई। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने बहुत जुल्म किसानों पर किए हैं। इसका खामियाजा केंद्र सरकार को भुगतना पड़ेगा। नियमित बर्बरता तरीके से किसानों पर पुलिस, सेना और कई तरह से किसानों पर किए गए अत्याचार इतिहास में लिखे जाएंगे कि आजाद भारत में किस तरह से किसानों पर अत्याचार हुए हैं। मेयर अनिता शर्मा और महिला जिलाध्यक्ष विमला पांडे ने कहा कि यदि किसानों की मांग पहले ही मान ली जाती तो 700 किसानों की शहादत न होती। इनके परिवार तबाह होने से बच जाते। परिवारों का भरण पोषण कैसे होगा इस पर भी प्रधानमंत्री को विचार करना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक रामयशसिंह, नगर ज्वालापुर अध्यक्ष यशवंत सैनी, मध्य हरिद्वार ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, भेल ब्लॉक अध्यक्ष गुलवीर सिंह, अशोक उपाध्याय, पूर्व सभासद अशोक शर्मा, सपना सिंह, प्रदेश सचिव दिनेश पुंडीर, नवेजअंसारी, वेदपाल तेजियान, वीरेंद्र भारद्वाज, विशाल राठौर, आकाश बिरला, महेंद्र गुप्ता, जितेंद्र सिंह, जगदीश प्रसाद, आशा यादव, हरद्वारी लाल, जेपी सिंह, वसीम सलमानी, देवेश गौतम, सतेंद्र वशिष्ठ आदि शामिल रहे।