कैदियों ने भी उत्साह के साथ मनाया दीपावली पर्व

 हरिद्वार। जिला जेल कैंपस में दीपावली का पर्व भी धूमधाम से मनाया गया। रामलीला मंचन के बाद दीपावली के दिन जेल कैंपस में भगवान श्रीराम का बनवास खत्म कर राजतिलक के लौटने का मंचन भी कलाकारों ने बखूबी निभाया। जेल कैंपस भगवान श्रीराम के जयघोष से गूंजायमान हो उठा। हरिद्वार जेल में इस दफा पहली बार रामलीला मंचन का आयोजन किया गया था। रामलीला के पात्रों का किरदार भी कैदियों ने ही अदा किया था। अब दीपावली पर्व को लेकर कैदी एक सप्ताह से ही तैयारियों में जुटे हुए थे। बकायदा रामायण की तर्ज पर जेल कैंपस में तोरण द्वारा बनाए गए थे, भगवान श्रीराम के भव्य स्वागत की भी तैयारी की गई थी। जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य की मानें तो शाम को पात्र बने कैदी कलाकार भगवान श्री राम, माता सीता, लखन बनकर समेत अन्य पात्रों के पहुंचने का मंचन हुआ। इस दौरान मंगल गीत गाए गए। कैंपस में ग्रामीण क्षेत्र की ही रूखरेखा तैयार की गई थी। गांवों से होकर अयोध्या पहुंचने वाले मार्ग में उसे तब्दील कर दीपक एवं मोमबत्तियों की रोशनी की गई थी। भगवान राम के राजतिलक का मंचन भी हुआ। इस दौरान जिला प्रभारी जेलर विकास चंद्र, चीफ फार्मासिस्ट राकेश गैरोला मौजूद रहे।