अष्टमी के अवसर पर कन्या पूजन का आयोजन

 


हरिद्वार। धार्मिक संस्था पूज्य माता लाल देवी वैष्णो देवी गुफा मंदिर में अष्टमी के अवसर पर मुख्य प्रबंधक भक्त दुर्गादास के संयोजन में दुर्गा सप्तशती पाठ व कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भक्त दुर्गादास ने कहा कि बालिका संरक्षण व कन्या पूजन से ही नवरात्र के व्रत की सार्थकता है, जिस समाज में कन्या को देवी का रूप माना जाता है। उस समाज में बालिकाओं के साथ दुव्र्यवहार व शोषण स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में कन्या पूजन अवश्य करना चाहिए। कन्याओं में ही दुर्गा का साक्षात् स्वरूप विराजमान होता है। भक्त दुर्गादास ने कहा कि तीर्थनगरी में विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक कार्य में अग्रणीय भूमिका निभा रही मातृ शक्ति को संस्था द्वारा शीघ्र ही सम्मानित किया जायेगा। भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि पूज्य माता लाल देवी ने आतंकवाद के चरम के दौर में हिन्दू सिक्ख एकता को बढ़ावा देने व कन्या संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण कार्य किया। इस अवसर पर विद्वान आचार्य पं. हीरा जोशी, पं. हेमन्त ने पूर्ण विधि-विधान से दुर्गा सप्तशती पाठ सम्पन्न करवाया। उसके पश्चात कन्या पूजन किया गया।