लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में कांग्रेसियों का मौन धरना

 हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर युवा कांग्रेसियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर मौन धारण कर धरना दिया। कांग्रेसी एक घंटे तक मौन रहकर धरने पर डटे रहे। कांग्रेसियों ने लखीमपुर खीरी मामले की निष्पक्ष जांच और भाजपा के केंद्रीय राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। ऐसा न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां दोपहर में 12 बजे मौन धारण कर धरने पर बैठ गए। इसके बाद दोपहर एक बजे तक कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि बहादुर ने कहा कि लखीमपुर खीरी में भाजपा के केंद्रीय राज्य मंत्री के पुत्र ने जिस तरह से किसानों के साथ बर्बरता करते हुए उन्हें मार डाला, लेकिन उसके बाद भी अभी तक केंद्रीय मंत्री से इस्तीफा तक नहीं लिया गया। किसानों की हत्या करने वाले मंत्री पुत्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाए। शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि भाजपा की गुंडागर्दी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने पूरे देश में मुख्यालय, सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालयों पर मौन धारण कर धरना दिया है। भाजपा सरकार में गरीब, मजलूम, पीड़ितों और किसानों पर अत्याचार करते हुए गाड़ियों से उन्हें कुचलने का कार्य किया जा रहा है। सरकार ने अगर अपने रवैये में सुधार नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना देने वालों में अनिल भास्कर, पार्षद राजीव भार्गव, विभास मिश्रा, कैश खुराना, नीरव साहू, अजीत सिंह, नासिर गौड़, नकुल माहेश्वरी, शुभम जोशी, अजय मुखिया, नवीन सेंस, सागर राठौर, अरुण राघव, आर्यन राठौर आदि शामिल रहे।