भारत की संस्कृति और इतिहास में शेर को महत्वपूर्ण स्थान मिला है-डाॅ0बनर्जी

 हरिद्वार। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के वैज्ञानिक डॉ कौशिक बनर्जी ने बताया कि इस धरती पर शेरों का सर्वप्रथम आवास अफ्रीका था जहां से वह कालांतर में विश्व के अन्य भागों में भी पहुंचे। भारत में शेरों के बसने का सर्वोत्तम स्थान गिर का जंगल है। भारत की संस्कृति और इतिहास में शेर को महत्वपूर्ण स्थान मिला है। दुनिया के सबसे प्राचीन ग्रंथ ऋग्वेद में भी सिंह का वर्णन मिलता है। यह बात उन्होंने बुधवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग में आयोजित वाइल्डलाइफ वीक सेलिब्रेशन में कही। गोविंद बल्लभ पंत हिमालयन नेशनल इंस्टीट्यूट लद्दाख के साइंटिस्ट डॉ सुरेश राणा ने बताया कि उत्तरी पश्चिमी भाग की तुलना में उत्तरी पूर्वी हिमालय में वनस्पति और जंतुओं की लगभग दुगनी प्रजातियां पल्लवित एवं पुष्पित हो रही हैं। क्योंकि नॉर्थ ईस्ट के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश आदि में वर्षा होती रहती है। जिस कारण वनस्पतियां व जंतुओं को अनुकूल माहौल मिलता है।सदन डेनमार्क विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डालिया ने बताया की उनका विभाग 6 महाद्वीप और 97 संस्थानों से वन्य जीव और संबंधित चुनौतियों के संबंध में डाटा एकत्र कर चुका है और कोई भी लैब उनसे डाटा साझा कर सकती है।इस अवसर पर प्रोफेसर नमिता जोशी, पीजी कॉलेज ऋषिकेश से डॉक्टर त्रिभुवन, देहरादून से डॉ अनिल कुमार, ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय से डॉक्टर कमल जोशी एवं ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से शोधार्थी दीप्ति, स्वाति सिंह, एवं आशीष आर्य, गढ़वाल विश्विद्यालय और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के अनेक शोधार्थी उपस्थित रहे।