कांग्रेस की जीत के लिए महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी-सतपाल ब्रहमचारी

 हरिद्वार। महिला कांग्रेस की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई और पार्टी की जीत के लिए महिलाओं से घर-घर संपर्क करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान कई स्थानीय महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंगलवार को ब्रह्मपुरी में आयोजित बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रहमचारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए महिलाओं को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। घर-घर संपर्क अभियान चलाकर केंद्र व राज्य सरकार की गलत नीतियों का भंडाफोड़ करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई और बेरोजगारी जिस तरीके से बढ़ी है उसने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ संतोष चैहान ने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की थी। हर बार जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण आज देश की अर्थव्यस्था चरमरा गई है। महंगाई बेलगाम होती जा रही है। ऐसी सरकार को सत्ता पर बने रहने का अधिकार नहीं है। महिला प्रदेश सचिव शशि झा व महानगर अध्यक्ष अंजु मिश्रा ने कहा कि दो जून की रोटी कमाना भी आम जनमानस के लिए मुश्किल होता जा रहा है। महंगाई के कारण पेट्रोल-डीजल और राशन लोगों की पहुंच से बाहर होने लगे हैं। रसोई घर का बजट डगमगा चुका है। अंजु ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। भाजपा ने लोगों को अच्छे दिन के नाम पर जो झूठे सपने दिखाए थे वह सब चकनाचूर हो गए हैं। लोग खुद को ठगा सा महसूस करने लगे है। इस दौरान बैठक में शामिल स्थानीय महिलाओं को अंजु मिश्रा ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। बैठक में पूर्व महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजु द्विवेदी, प्रदेश सचिव लता जोशी, वार्ड अध्यक्ष रचना शर्मा, आशा कोरी, आकाश भाटी, आन्नद पांडे आदि उपस्थित रहे।