अज्ञात महिला का शव गंदे नाले से बरामद,पुलिस जांच मे जुटी
हरिद्वार। सिडकुल से सटी रामनगर कॉलोनी (रावली महदूद) में मंगलवार सुबह गंदे नाले में प्लास्टिक के कटटे में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या कर शव नाले में फेंके जाने की बात निकलकर आ रही है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में पुलिस जुट गई है। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने सिडकुल पुलिस को जल्द हत्याकांड के खुलासे के निर्देश दिए हैं। मंगलवार सुबह रामनगर कॉलोनी में मुख्य सड़क पर गंदा पानी आने से परेशान लोग नाले की सफाई कर रह थे।नाले में मौजूद प्लास्टिक के एक बड़े कट्टे ने कालोनीवासियों का ध्यान खींचा। कालोनीवासियों ने जब कट्टे पर लगी गांठ को खोलकर देखा तब उनके रोंगटे खड़े हो गए।कट्टे के अंदर एक महिला का शव था। सूचना मिलने पर एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय,सीओ विशाखा अशोक, एसओ लखपत सिंह बुटोला घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के गले में चुन्नी कसी हुई थी, संभवतः उसी से गला दबाकर हत्या की गई है। महिला के हाथ एवं कान में पीली धातु के जेवरात थे। पहनावे से निम्न वर्ग की प्रतीत हो रही है।घटनास्थल पर देखते ही देखते बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकत्र हो गए। पुलिस ने करीब तीस वर्षीय मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। एसपी सिटी ने बताया कि महिला की पहचान होने पर ही हत्याकांड की वजह सामने आ सकेगी। मृतका ने लाल रंग का कुर्ता और काले रंग की सलवार पहनी हुई है। पैर में सेंडिल हैं। सोमवार की देर रात ही शव प्लास्टिक के कट्टे में रखकर यहां फेंका गया है।