कोरोना खात्मे की कामना लेकर किया महाकालेश्वर का रूद्राभिषेक
हरिद्वार। श्री पंच दशनाम आवाहन अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत सत्यगिरी महाराज ने उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचकर महाकालेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया और विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत सत्यगिरी महाराज ने कहा कि जहां एक और पूरी दुनिया कोरोना महामारी से त्रस्त है। वहीं धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से पूरे विश्व को भारत द्वारा धर्म का सकारात्मक संदेश प्राप्त हो रहा है। महाकालेश्वर महादेव जन-जन के आराध्य हैं। जिनकी सूक्ष्म कृपा ही जिस पर हो जाए उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है। उन्होंने कहा कि उज्जैन की पवित्र धरा युगो युगो से प्राणी मात्र का उद्धार करती चली आ रही है। जहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु भक्त के सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। श्री महंत सत्य गिरी महाराज ने कहा कि महाकालेश्वर महादेव की कृपा से जल्द ही कोरोना महामारी संपूर्ण विश्व से समाप्त होगी और देश दुनिया में खुशहाली लौटेगी। उन्होंने कहा कि श्री पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा अनेकों सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज को सेवा का संदेश देता चला आ रहा है। महापुरुषों के उपदेशों का अनुकरण कर सभी को राष्ट्र निर्माण में सहयोग प्रदान करना चाहिए और युवा पीढ़ी को धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण संवर्धन के लिए प्रेरित करना चाहिए तभी भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरेगा।