श्रीभगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय की प्रबंध समिति के प्रो.बिहारीलाल शर्मा अध्यक्ष
हरिद्वार। श्रीभगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय की प्रबंध समिति के लिए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली ने एक बार फिर से नए अध्यक्ष को मनोनीत कर दिया है। इस बार प्रो. वेद प्रकाश उपाध्याय की जगह प्रो. बिहारीलाल शर्मा को महाविद्यालय की प्रबंध समिति का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। प्रो. बिहारीलाल शर्मा लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद-वेदांग संकाय के ज्योतिष विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर हैं। भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय की प्रबंध समिति को लेकर बीते कई महीनों से विवाद चल रहा है। प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के महंत रूपेंद्र प्रकाश भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय की प्रबंध समिति में फर्जीवाड़े को लेकर कई आरोप लगा चुके हैं। माना जा रहा है कि प्रबंध समिति में चले रहे विवाद के चलते केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. महावीर अग्रवाल को 20 नवंबर 2019 को हटाकर उनके स्थान पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्रो. सत्यदेव निगमालंकार को प्रबंध समिति का अध्यक्ष मनोनीत कर दिया था। इसके बाद चार मार्च 2020 को प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के स्थान पर प्रो. वेद प्रकाश उपाध्याय को प्रबंध समिति का अध्यक्ष मनोनीत कर दिया था। अब वेद प्रकाश उपाध्याय के स्थान पर लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के वरिष्ठ प्रो.प्रोफेसर बिहारीलाल शर्मा को प्रबंध समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बीके सिंह देव ने बताया कि प्रो. वेद प्रकाश उपाध्याय को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में शोध परियोजना का अध्यक्ष बनाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। जिन के स्थान पर अब महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद पर प्रो. बिहारीलाल को मनोनीत किया गया है। बताया कि प्रो. बिहारीलाल शर्मा के 25 शोध पत्र प्रकाशित हुए हैं। आपकी ज्योतिष एवं वास्तुशास्त्र विषयक अनेक पुस्तकें प्रकाशित हैं।