विभिन्न संगठनो ने किया हाॅकी खिलाड़ी वंदना कटारिया का सम्मान
हरिद्वार। रविदास विश्व महापीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में ऋषिकुल स्थित आडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी टीम की सदस्य वंदना कटारिया का सम्मान किया गया। विभिन्न संगठनों के लोगों ने वंदना को शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। रविदास विश्व महापीठ ट्रस्ट रविदासाचार्य भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में हैट्रिक मारकर देश का नाम बुलंदी पर पहुंचाया है। अपनी बेटियों का नाम वंदना रखें और इसे क्रेज बनाएं। कश्यप समाज आश्रम के देवराज कश्यप ने अपनी टीम के साथ वंदना को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की बेटी वंदना कटारिया ने छोटे से गांव से निकलकर बहुत बड़ी बुलंदी हासिल की है। उत्तराखंड बिजनौरी महासभा के अध्यक्ष डॉ. एचके सिंह ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को वंदना से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। वंदना कटारिया ने सम्मान समारोह में सबका आभार जताते हुए कहा कि किसी भी सफलता को प्राप्त करने के लिए कड़ा परिश्रम और माता-पिता गुरुओं का आशीर्वाद जरूरी है। इस दौरान भाजपा नेता नरेश शर्मा,ओम ग्रुप कॉलेज के चेयरमैन मुनीश सैनी, जगदीश लाल पाहवा, विशाल गर्ग, रवींद्र कौर राठौर, दीपिका राठौर आदि शामिल रहे।