टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रहे खिलाड़ी-श्रीमहंत राजेंद्रदास
हरिद्वार। अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने टोक्यो ओलंपिक में पुरूष हाकी टीम के कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा है कि ओलंपिक में पुरूष खिलाडि़यों के साथ महिला खिलाड़ी भी पदक जीतकर देश का नाम पूरे विश्व में रोशन कर रही हैं। बैरागी कैंप स्थित अखाड़े में प्रैस को जारी बयान में श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि खिलाडि़यों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिए जाने की आवश्यकता है। देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। केंद्र एवं राज्य सरकारों का ध्यान खेल प्रतिभाओं की तरफ अधिक होना चाहिए। राज्यों में अधिक से अधिक खेल मैदान बनाए जाएं। जिससे खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके। देश का मान सम्मान हाकी खिलाडि़यों द्वारा बढ़ाया गया। टोक्यो में ऐतिहासिक खेल खेलकर खिलाडि़यों ने अच्छा प्रदर्शन कर देश के अन्य खिलाडि़यों का भी उत्साहवर्द्धन किया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से खिलाडि़यों को उचित सम्मान दिए जाने की मांग की। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। रोशनाबाद की हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया ने तीन गोल दागकर अन्य प्रतिभाओं का मार्गदर्शन किया। ऐसे खिलाडि़यों का मनोबल बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। बालिकाओं को उचित प्रशिक्षण खेल के लिए दिया जाए। बालिकाओं को समान रूप से प्रत्येक क्षेत्र में अवसर दिए जाने की आवश्यकता है। देश दुनिया में भारतीय खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। महंत गोविंददास महाराज ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि हाकी खिलाडि़यों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन देशवासियों को खुशी के पल दिलाए। ऐसे खिलाडि़यों का सम्मान देखवासियों को करना चाहिए।