भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से श्री धामी के नाम का प्रस्ताव पारित


 देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड के 11वंे मुख्यमंत्री होंगे पुष्कर सिंह धामी। नये मुख्यमंत्री संभवतः रविवार को पद गोपनीयता की शपथ लेंगे। श्री धामी फिलहाल खटीमा से दूसरी बार विधायक हैं। शनिवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नया नेता चुना गया। श्री धामी निवर्तमान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का स्थान लेंगे,जिन्होने संवैधानिक बाध्यताओं चलते मुख्यमंत्री पद से शुक्रवार देर रात अपना इस्तीफा दे दिया था। पुष्कर सिंह धामी ऊधमसिंह नगर जनपद की खटीमा सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं। वह उत्तराखंड में अब तक के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनेंगे। सूत्रों की माने तो श्री धामी रविवार को शपथ लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि वह अपने साथ मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलवाएंगे। राज्यपाल के सचिव ने इसकी पुष्टि की। इससे पहले पहले से निर्धारित भाजपा विधायक दल की बैठक शनिवार दोपहर तीन बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई। विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगी। बैठक में श्री धामी के नाम पर रखे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इससे पहले भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक के लिए विधायक और पार्टी नेता दोपहर 12 बजे से ही आने शुरू हो गए थे। नए मुख्यमंत्री को लेकर समर्थक अपने नेताओं के नाम के कयास लगा रहे थे। लगभग पौने तीन बजे केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री एनएस तोमर, राष्ट्रीय महासचिव डी पुरंदेश्वरी के साथ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान विधायकों व सांसदों का भाजपा मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी उनको बधाई देने के बाद कहा कि धामी बहुत ही ज्यादा ऊर्जावान कार्यकर्ता हैं। चूकिं, वह उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने हैं इसलिए युवाओं का पूरा स्पोर्ट मिलेगा। पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि धामी ऊर्जावान होने के साथ ही युवा हैं, जो पार्टी को मजबूती देने के साथ ही 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड में एक मजबूत पार्टी है, जो पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज कराएगी। कहा कि उनके अनुभव से प्रदेश को बहुत फायदा मिलेगा। सूत्रों की मानें, तो शपथ ग्रहण समारोह कल रविवार को होगा।