सरकार की गलत नीतियों से महंगाई से गरीब मध्यम वर्ग का जीवन हुआ मुश्किल- पाण्डे
हरिद्वार। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष विमला पाण्डे ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता से किए वादे पूरे करने में पूरी तरह नाकाम सिद्ध हुई हैं। पूंजीपतियों के संरक्षण दे रही मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते बढ़ती महंगाई से गरीब, मजूदर, मध्यम वर्ग का जीवन मुश्किल हो गया है। रसोई गैस के दाम आम आदमी पहुंच से दूर हो गए हैं। खाद्य तेल सहित तमाम जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से महिलाओं के लिए रसोई चलाना भी मुश्किल हो गया है। 2014 में महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता में आयी मोदी सरकार वादे पूरे करने में नाकाम सिद्ध हुई है। महंगाई के साथ बेरोजगारी बढ़ने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन जनसमस्याएं दूर करने के बजाए सरकार पूंजीपतियों के हित पूरे करने में लगी है। विमला पाण्डे ने कहा कि मोदी सरकार के साथ राज्य की डबल इंजन सरकार भी नाकाम सिद्ध हुई है। डबल इंजन सरकार की नाकामियों के चलते प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। रोजगार की तलाश में युवा पलायन करने के लिए विवश हैं। प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। भाजपा के विधायकों व पदाधिकारियों पर महिला उत्पीड़न के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार से निराश हो चुकी प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में काग्रेस भारी जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस दौरान विमला पाण्डे के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनपद के दौरे पर आयी महिला कांग्रेस की काॅर्डिनेटर पुष्पा शोक्टाा व आरती निर्मोही का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।