डबल इंजन की सरकार पूरी तरह नाकाम,महॅगाई,भ्रष्टाचार से जनता परेशान-विशाल राठौर
हरिद्वार। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रवक्ता विशाल राठौर ने कहा कि पूंजीपतियों को संरक्षण दे रही मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई चरम पर है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थो सहित तमाम जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। जिससे गरीब, मजदूर, मध्यम वर्ग के लोगों के लिए जीवन यापन करना भी कठिन हो गया है। शुक्रवार को प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विशाल राठौर ने कहा कि 2014 में महंगाई, भ्रष्टाचार खत्म करने, प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने सहित तमाम लोकलुभावन वादे कर सत्ता में आयी मोदी सरकार सात साल के कार्यकाल में एक भी वादा पूरा करने में विफल रही है। पूंजीपतियों को संरक्षण दे रही मोदी सरकार को को आम जनता की तकलीफों से कोई लेना देना नहीं रह गया है। विशाल राठौर ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार भी पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। तीन-तीन मुख्यमंत्री बदलने के बावजूद सरकार की कार्यशैली में कोई अंतर नहीं आया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह लचर है। भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं। भाजपा के विधायक और पदाधिकारियों पर ही महिलाओं के उत्पीड़न के आरोप लग रहे हैं। प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार दिनों-दिन बढ़ रहा है। माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद है कि शराब, स्मैक व अन्य मादक पदार्थो की होम डिलीवरी हो रही है। नशीले पदार्थ आसानी से उपलब्ध होने की वजह से युवा पीढ़ी नशे की लत का शिकार हो रही है। हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल, भेल सहित तमाम इलाकों में नशे का कारोबार खुले आम चल रहा है। रोजगार की तलाश में युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने के मजबूर हो रहे हैं। एससी, एसटी के बैकलाॅग सहित विभिन्न विभागों में रिक्त हजारों पदों को भरा नहीं जा रहा है। सिडकुल में 70 फीसदी नौकरियां स्थानीय युवाओं को देने के नियम का पालन भी सरकार नहीं करा पा रही है। विशाल राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी जनता बदलाव का मन बना चुकी है तथा भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तैयार बैठी है। वार्ता के दौरान पूर्व सभासद बलराम राठौर, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री बीना कपूर, आर्यन राठौर, दिग्विजय सिंह, अंकित सैनी, मुकुल चैहान, आबाद अली, जावेद, सागर राठौर, शहजाद, नदीम, सतीश, आफताब, अज्जू खान, तौहिद, गुलफाम, शहजाद, परवेज, शमीम आदि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।