धूमधाम से मनाया भारतीय मजदूर संघ का 67 वां स्थापना दिवस

 हरिद्वार। भारतीय मजदूर संघ का 67 वां स्थापना दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। नगर निगम के समीप कार्यालय पर संघ के पदाधिकारियों ने संगठन का ध्वज फहराया। श्रमिकों के हित में संघर्ष करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री सुमित सिंघल ने ध्वजारोहण किया। अध्यक्षता सुभाष पुरोहित और संचालन प्रवीण कुमार ने किया। प्रदेश मंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को दत्तोपंत ठेंगड़ी ने महान स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के जन्म दिवस के अवसर पर भोपाल में की थी। कहा कि राष्ट्र का औद्योगिकरण, उद्योगों का श्रमिककरण एवं श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण कर भारतीय मजदूर संघ का कार्य आगे बढ़ाने में सभी कार्यकर्ता लगे हुए है। श्रमिक नेताओं ने जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले मजदूरों के हक की लड़ाई को पूरी मुस्तैदी के साथ लड़ने के साथ-साथ नगर निगम में लंबे समय से संविदा पर कार्य कर रहे श्रमिकों को नियमित करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का इतिहास गौरवशाली है। मजदूरों के हक अधिकार को लेकर उन्होंने ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी है। सुभाष पुरोहित ने कहा कि श्रमिकों के हाथ और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन सदैव संघर्ष करता आया है। इस दौरान स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री सलेख चंद, वरिष्ठ कार्यकर्ता रामचंद्र, अवनिश शुक्ला, मुनेश कुमार, प्रेम, योगेश कुमार, मनोज, ईश्वर सिंह, कपिल, उत्तम सिंह राणा, अरुण, पवन सक्सेना, ओम प्रकाश शर्मा, शिव शंकर सिंह, रुपेश तेस्वर लक्ष्मीचंद, शीशपाल, नवीन वर्मा, प्रमोद कुमार, रवि, रविंद्र, आशीष, धर्मेंद्र सिंह, स्वामी, अजय आदि उपस्थित रहे।