टोल प्लाजा पर किसान यूनियन का धरना जारी,कांग्रेस ने मौके पर जाकर किया समर्थन
हरिद्वार। केन्द्र सरकार की ओर से बनाये गये तीनो किसान विरोधी कानूनों को वापस लेने के लिए बहादराबाद टोल प्लाजा पर किसान यूनियन (टिकैत) गुट का धरना प्रदर्शन जारी है। सोमवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने धरनास्थल पर जाकर किसानों की मांगों का समर्थन किया। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आदेश पर हरिद्वार युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चैधरी, डॉ.मेहरबान अली, मनीष सैनी, प्रिंस कश्यप, शिवम खेवडिया आदि ने बहादराबाद टोल प्लाजा पर चल रहे किसान यूनियन के धरने को समर्थन दिया। इस दौरान राजीव चैधरी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हठधर्मिता बहुत ज्यादा हो चुकी है। पिछले लगभग 7 माह से पूरे देश का किसान तीन कृषि कानूनों के खिलाफ लाखों की संख्या में दिल्ली के चारों तरफ धरना दे रहे हैं। मोदी की यह हठधर्मिता साबित करती है कि उन्हें ना देश की चिंता है और ना ही देश के किसानों की। उनको केवल सिर्फ कुछ बड़े उद्योगपतियों की चिंता है। कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता किसान यूनियन के नेतृत्व में जो भी किसान यूनियन के नेता तय करेंगे उसमें बढ़चढ़ कर शामिल होंगे।