जलभराव की समस्या का निस्तारण करने में विफल रही कांग्रेस भाजपा की सरकारे
हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता नवीन कौशिक ने कहा कि वर्षो से जलभराव की समस्या का निस्तारण दोनों ही सरकारें नहीं कर पायी हैं। बरसात में सड़के बरसाती पानी से लबालब भर जाती हैं। व्यापारियों को प्रतिवर्ष बरसात में लाखों का नुकसान झेलना पड़ता है। शिवालिक नगर पाॅश कालोनी में भी बरसाती पानी भर जाता है। रामधाम कालोनी में लोगों को भारी असुविधाओं का सामना बरसाती पानी के कारण करना पड़ता है। कई वर्षो से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। नवीन कौशिक ने कहा कि चंद्राचार्य चैक, रानीपुर, रेलवे पुलिया भगत सिंह चैक, पुराना रानीपुर मोड़ के अलावा कनखल भी जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। सत्ता का सुख भोगने वाली भाजपा व कांग्रेस के जनप्रतिनिधि धर्मनगरी की जनता को जलभराव के संकट से आज तक मुक्ति नहीं दिला पाए हैं। रानीपुर रेलवे पुलिया में पुराने समय से ही जलभराव की समस्या बनी रहती है। विधायक सांसद इस समस्या को भलीभांति जानते हैं। इसके बावजूद भी आज तक यह समस्या हल नहीं हो पायी है। डबल इंजन सरकार विकास के दावे तो करती है। लेकिन जलभराव की समस्या से आज तक निजात नहीं मिल पायी है। निर्माण कार्यो में लगातार बंदरबांट की जा रही है। नवीन कौशिक ने कहा कि अपने गृह क्षेत्र की जलभराव की समस्या को चार बार के विधायक व मंत्री रहे मदन कौशिक आज तक हल नहीं कर पाए हैं। जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनहित के मामलों में पूरी तरह से फेल है।