मकानों पर लाल निशान लगाने पर कांग्रेसियों ने जताया रोष
हरिद्वार। ज्वालापुर में वाल्मीकि बस्ती पुल जटवाड़ा से शिवालिक नगर तक रोड चैड़ीकरण के लिए वाल्मीकि बस्ती में बिना किसी मानक के मकानों पर लाल निशान लगाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने रोष जताया है। स्थानीय निवासी व महानगर उपाध्यक्ष पूर्व पार्षद अरविंद चंचल ने कहा कि वाल्मीकि बस्ती में करीब 100 मकानों पर लाल निशान लगाए गए हैं। उन लोगों को 25 जून तक मकान गिराने और अतिक्रमण हटाने के आदेश के नोटिस भी तामील करा दिए हैं। जिसका कोई मानक नहीं है। आरोप लगाया कि इस वार्ड में कांग्रेस का पार्षद होने की वजह से यहां के लोगों से बदला लिया जा रहा है। कहा कि जो मकान इस दायरे में नहीं है उसे बिल्कुल नहीं तोड़ने देंगे। पार्षद दीपिका बहादुर व रवि बहादुर ने कहा कि जिन मकानों पर निशान नहीं लगे हैं, उन्हें भी चुन चुनकर नोटिस तामील कराए जा रहे हैं। नगर अध्यक्ष यशवंत सैनी व श्रमिक नेता राजबीर सिंह ने कहा कि जिन लोगों के मकानों पर निशान लगाकर तोड़ने की तैयारी है, पहले उन्हें कहीं और बसाया जाए और मुआवजा दिया जाए। अगर प्रशासन ने नियमानुसार कार्य नहीं किया तो एक भी मकान नहीं तोड़ने दिया जाएगा।