Skip to main content
विश्व हिंदू संस्था बनाएगी आपदा फाइटर टीम
हरिद्वार। कोरोना महामारी के चलते लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मदद के लिए विश्व हिंदू संस्था ने आपदा फाइटर टीम बनाने का निर्णय लिया है। वर्चुअल संवाद के जरिए संस्था के पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया। संवाद में विश्व हिंदू संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तराखण्ड सहित विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। विश्व हिंदू संस्था के संस्थापक देवेंद्र प्रजापति ने वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे में संस्था के कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रजापति ने बताया कि संस्था कार्यालय पर कहीं से भी मदद के लिए फोन आने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता तत्काल पीड़ित को मदद उपलब्ध करा रहे हैं। ताकि किसी भी तरीके से दुखी और परेशान व्यक्ति की मदद की जा सके। यही विश्व हिंदू संस्था का लक्ष्य है। गौ, गंगा, गायत्री एवं प्रत्येक जीव की सहायता के लिए संस्था का कार्यकर्ता वचनबद्ध है। प्रजापति ने बताया कि जल्द ही विश्व हिंदू संस्था कार्यकर्ताओं की एक आपदा फाइटर टीम का गठन करेगी। कोरोना महामारी का प्रकोप शांत होने के बाद भी टीम लोगों की मदद करने का कार्य करती रहेगी। प्रजापति ने कहा कि ऐसे समय के लिए ही संस्थाओं का गठन किया जाता है।