श्री तपोनिधि आनन्द अखाड़े के कारोबारी महंत भैरो गिरी को अखाड़े का श्रीमहंत नियुक्त किया
हरिद्वार। अखाड़ों में धर्मध्वजाओं की स्थापना के साथ पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी शुरू हो गयी हैं। श्री तपोनिधि आनन्द अखाड़े के कारोबारी महंत भैरो गिरी को अखाड़े का श्रीमहंत नियुक्त किया गया है। रविवार देर शाम एसएमजेएन कालेज में निरंजनी व आनन्द अखाड़े की छावनी में संत महापुरूषों की मौजदूगी में कारोबारी महंत भैरो गिरी महाराज की आनन्द अखाड़े के श्रीमहंत पद पर पुकार की गयी। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज, निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज, श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज, आनन्द अखाड़े के महंत दिनेश गिरी, सचिव शंकरानंद सरस्वती, श्रीमहंत सत्यगिरी, सचिव गंगा गिरी सहित निरंजनी व आनन्द अखाड़े के रमता पंचों ने पूर्ण विधि विधान के साथ पूजा अर्चना व महंत भैरोगिरी का तिलक कर श्रीमहंत पद पर अभिषेक किया। श्रीमहंत नियुक्त होने पर संतों ने भैरोगिरी महाराज को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि श्रीमहंत भैरागिरी महाराज ऊर्जावान संत हैं। श्रीमहंत भैरोगिरी महाराज पद के अनुरूप जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अखाड़े की उन्नति, प्रगति, गरिमा व सम्मान बढ़ाने के लिए कार्य करेंगे। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज व श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि श्रीमहंत भैरो गिरी महाराज कुंभ मेले को सकुशल व भव्य रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।
