फूलों से होली खेलेंगे निरंजनी अखाड़े के संत-श्रीमहंत नरेंद्र गिरी

 हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी में होली पर्व पर रंगों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रैस को जारी बयान में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि महाराज ने कहा कि होली खुशियों का त्योहार है और प्रत्येक वर्ष सभी लोग एवं साधु संत एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और गले मिलकर इस त्यौहार को धूमधाम से मनाते हैं। लेकिन कोरोना महामारी के चलते इस बार अखाड़े के संत रंगों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। होली पर्व पर फूलों से वर्षा की जाएगी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी किया जाएगा। सभी देशवासियों को होली बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अपने प्राणों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। इसलिए इस होली पर्व पर सभी को सतर्कता बरतते हुए होली का त्योहार मनाना चाहिए। मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कोरोना के बढ़ते केसों को देखकर सभी को सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। क्योंकि सतर्कता ही बचाव है। उन्होंने कहा कि होली पर्व सभी के जीवन में खुशियां लाता है। इस बार रंगों के प्रयोग से सभी को बचना चाहिए। साथ ही अपने घर रह कर ही इस त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के सचिव श्रीमहंत राम रतन गिरी महाराज ने कहा कि पतित पावनी मां गंगा की कृपा से जल्द ही कोरोना महामारी पूरे विश्व से समाप्त होगी। इस दौरान श्रीमहंत दिनेश गिरी, महंत केशवपुरी, महंत मनीष भारती, श्रीमहंत ओमकार गिरी, महंत नीलकंठ गिरी, महंत नरेश गिरी, श्रीमहंत राधे गिरी आदि संत उपस्थित रहे।