महादेव की पूजा से समस्त कठिनाईयों का समूल नाश होता है-राजमाता भारती
हरिद्वार। देवों के देव महादेव भगवान शिव की आराधना से साधक को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। जो श्रद्धालु सच्चे मन से महादेव की शरण में आ जाता है। उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है। उक्त उद्गार निराला धाम की परमाध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने आश्रम में आयोजित शिव शक्ति महायज्ञ के विश्राम अवसर पर श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भगवान शिव अत्यंत सौम्य एवं सरल हैं। जो भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। पतित पावनी मां गंगा के तट पर गुरु गद्दी के सानिध्य में नागेश्वर महादेव का पूजन जो व्यक्ति कर लेता है। उसके जीवन की समस्त कठिनाइयों का समूल नाश हो जाता है और उसके जीवन में सुख समृद्धि का वास होता है। म.म.स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव सृष्टि के सर्वशक्तिमान देव हैं। नियमपूर्वक भगवान शिव की पूजा अर्चना करने वाले साधक का जीवन सदैव कष्टरहित रहता है। निरालाधाम की परमाध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज की शिवसाधना का लाभ निश्चित रूप से देश को मिलेगा और कोरोना जैसी महामारी का खात्मा होगा। इस दौरान स्वामी रवि देव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, स्वामी दिनेश दास, यजमान रमेश मिड्डा, राजकुमार अरोड़ा, संदीप कुमार, महेश इंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।