नगर निगम संयुक्त कर्मचारी मोर्चा के सामने खेद जताने के बाद वार्ड 23 में सफाई शुरू
हरिद्वार। वार्ड नंबर 23 रामनगर की पार्षद रेणु अरोड़ा के वार्ड से अब कूड़ा उठाया जाएगा। पार्षद की ओर से नगर निगम संयुक्त कर्मचारी मोर्चा के पदाधिकारियों के सामने बोर्ड बैठक में हुए मामले के लिए खेद प्रकट कर दिया गया है। इसके बाद मामले का पटाक्षेप हो गया। हालांकि भाजपा के दो पार्षदों ने अभी मोर्चा से कोई बात नहीं की। इसलिए उनके वार्डों से कूड़ा नहीं उठाया जाएगा। शनिवार देर शाम को पार्षद रेणु अरोड़ा के पिता टेकचंद शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने नगर निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी उनके आवास रामनगर वार्ड पहुंचे थे। शोक प्रकट करने के बाद पार्षद व उनके पति चिराग अरोड़ा के साथ ही 30 जनवरी को नगर निगम बोर्ड बैठक में पार्षद के प्रस्ताव पर उत्पन्न हुई भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षद रेणु अरोड़ा ने प्रस्ताव के माध्यम से जो भी विवादित शब्द मोर्चे के नेताओ को लगे, उस पर आगे से सुधार का आश्वासन देते हुए खेद प्रकट किया। मोर्चे के नेताओं ने अपनी उदारता का परिचय देते हुए वार्ड 23 रामनगर में सफाई व्यवस्था जनहित में बहाल करने के लिए मोर्चा के अन्य नेताओं से भी वार्ता कर इस पर अपनी सहमति व्यक्त की। मोर्चा के संयोजक सुरेंद्र तेश्वर, सह संयोजक राजेंद्र श्रमिक ने कहा कि बोर्ड बैठक में जो कुछ भी हुआ उसके लिए वार्ड 23 की पार्षद ने खेद प्रकट किया। विवाद का पटापेक्ष के बाद जनहित में इस वार्ड में सफाई व्यवस्था बहाल कर दी गई है। इस दौरान मुरली मनोहर, राजेंद्र श्रमिक, आत्माराम बेनीवाल, राजेंद्र चुटेला, सुनील राजौर, प्रवीण तेश्वर, इंदर सिंह रावत, अरविंद चंचल, जितेंद्र तेश्वर, नीरज बागड़ी आदि शामिल रहे।