मांगो को लेकर रोडवेज कर्मचारियों का कार्यबहिष्कार चैथे दिन भी जारी

 हरिद्वार। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने चैथे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखा। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की। जल्द मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) हरिद्वार की कार्यशाला में उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े कर्मचारियों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। शाखा अध्यक्ष रामपाल शर्मा ने कहा कि रोडवेज प्रबंधन कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है विगत पांच महीने से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया। जिस वजह से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। शाखा मंत्री मिथुन अरोड़ा ने कहा कि कर्मचारियों को लगातार कार्य बहिष्कार करते हुए चार दिन हो गए हैं। लेकिन अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द बर्खास्त कर्मचारियों को बहाल करते हुए लंबित वेतन का भुगतान किया जाए। जल्द अगर मांगें पूरी नहीं की गई तो कर्मचारी उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में प्रवीण सैनी, सतेंद्र सिंह, सिमोन शर्मा, जय कुमार, गौरव कुमार, रोहित सैनी, इकराम, पंकज सैनी, चेतन वर्मा, विनय कुमार, देवराज, अंकित राठी, कुलबीर सिंह, सचिन कुमार, अरविंद राणा आदि शामिल रहे।