भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बताये मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया

 हरिद्वार। कमल मिश्रा- शिवालिकनगर स्थित अटल वाटिका में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय को भी उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज पूरे देश में किसानों से किए गए संवाद को भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाइव देखा और सुना। अटल स्मृति में पौधरोपण कर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। अटल जयंती समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा अजेय कुमार ने कहा कि अटल ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश सेवा को समर्पित किया तथा पहले जनसंघ एवं फिर भारतीय जनता पार्टी को एक वटवृक्ष तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि भारत के निर्माण और विकास में अटल का योगदान एवं उनकी बहुआयामी प्रतिभा को कभी भुलाया नहीं जाएगा। कार्यक्रम संयोजक शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा एवं देश के संपूर्ण विकास के लिए जो कार्य अटल ने शुरू किए और जो सपने उन्होंने देखे आज उनको पूरा करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। राजीव शर्मा ने कहा कि हरिद्वार में आस्था का केंद्र मां गंगा को समर्पित गंगा सभा की स्थापना से लेकर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर इस पूरे देश में शिक्षा एवं आस्था का सूत्रपाद करने वाले पंडित मदन मोहन मालवीय के कार्यों को सदैव याद रखेंगे और सदैव उनके ऋणी रहेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल चैहान ने कहा कि वाजपेई सबसे आदर्शवादी और प्रशंसनीय राजनेता थे। उनके बहुत से कार्यों की वजह से देश आज इस मुकाम पर है। रानीपुर विधायक आदेश चैहान ने कहा कि अटल को अपनी मातृभाषा हिंदी से बहुत प्रेम था। अटल पहले राजनेता बने जिन्होंने यूएन में हिंदी में भाषण दिया था। इस दौरान कैलाश भंडारी, अमरीश शर्मा, त्रिभुवन नारायण, हिमांशु अहलावत, सुनील कौशिक, सोनिया अरोड़ा, सभासद रीना तोमर, दीपक नौटियाल, सुनील शर्मा, धर्मेंद्र बिश्नोई, राजेश बालियान, अजय अरोड़ा, अरुण शर्मा, अमित भट्ट आदि शामिल थे।