शिक्षित महिला परिवार व समाज को मजबूत करने का कार्य कर रही-राज्यपाल
हरिद्वार। 21वीं सदी महिलाओं के आर्थिक सामाजिक व राजनीतिक विकास की परिचायक है। शिक्षित महिला परिवार व समाज को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उत्तराखंड प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने वेबिनार से उक्त विचार रखें।बुधवार देर शाम को अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के आयोजित विषय,महिला सशक्तिकरण पर गर्वनर बेबीरानी मौर्य व हाईकोर्ट जस्टिस लोकपाल सिंह ने वेबिनार पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। गर्वनर बेबी रानी मौर्य ने कहा कि प्राचीन काल से ही भारतीय महिला परिवार व समाज की शक्ति रही है। बीते दौर में शिक्षा के अभाव में महिला की भूमिका देशकाल में ज्यादा प्रभावी ढंग से नही रही है। लेकिन वर्तमान सदी पूरी तरह से विश्व पटल व भारतीय व्यवस्था सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक रूप से महिलाओं की साबित हो रही हैं। उन्होंने प्रत्येक महिला से अपनी योग्यता व शिक्षा का इस्तेमाल कर अपने परिवार के साथ साथ देश की उन्नति में पूरा योगदान देने की अपील की। इस दौरान उत्तराखंड हाईकोर्ट जस्टिस लोकपाल सिंह ने बताया कि पहले महिलाओं की न्यायपालिका समेत सभी क्षेत्रों में में बहुत ही कम भूमिका रहती थी।लेकिन वर्तमान स्थिति में महिलाएं न्यायपालिका के साथ ही सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्षेत्र विकास कर रही है। जिससे महिलाओं की स्थिति में काफी सुधार आया है। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा, कि वर्तमान सदी केवल महिलाओं की है। वेबिनार का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता व परिषद के प्रदेश महामंत्री अनुज कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम संजय जैन, प्रणव बंसल,अरविंद कुमार श्रीवास्तव, तेजेंद्र गर्ग,अशोक अग्रवाल, कुशलपाल सिंह चैहान,आदेशचन्द चैहान,एसके भामा,राजेश राठौर, राजेन्द्र राजावत, प्रभाकर गुप्ता, नीरज गुप्ता,नितिन गर्ग,संजय चैहान, दिनेश वर्मा व रोहित कनवाल शामिल रहे।