विधायक ने किया धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण,संचालक को चेताया

हरिद्वार। भाजपा के हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने किसानों की शिकायत पर लालढांग के धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र में धान तोलने के लिए बोरियों की कमी पर उन्होंने नाराजगी जतायी और क्रय केंद्र संचालक को चेताया। उन्होंने जिलाधिकारी सी. रविशंकर को मौके से ही फोन पर समस्या के जल्द समाधान के निर्देश भी दिए। हरिद्वार में किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान न करना पड़े इसके लिए हर क्षेत्र में धान क्रय केंद्र तो खोले दिए हैं पर, कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं हैं। इससे किसानों को धान तुलवाने के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लालढांग के क्रय केंद्र पर पिछले कई दिन से धान तोलने के लिए बोरियां नहीं थीं, किसानों की मांग के बाद भी इनकी पूर्ति नहीं की जा रही थी। किसानों ने इसकी शिकायत स्थानीय विधायक स्वामी यतीश्वरानंद से की थी। धान क्रय केंद्र के औचक निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि किसानों को कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार किसानों के हितों के लिए कई प्रकार की योजनाएं चला रही हैं। किसानों को अपनी फसल की बिक्री को परेशानी ना उठानी पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इस दौरान उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, ग्राम प्रधान रसूलपुर-मिट्ठीबेरी जगपाल सिंह ग्रेवाल, महामंत्री सुरेंद्र सिंह रावत, जितेंद्र पोखरियाल, तारा सिंह मौजूद रहे।