निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रविन्द्रपुरी के स्वस्थ होने की कामना को लेकर हवन यज्ञ

हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े के महामण्डलेश्वर और शंकराचार्य आश्रम के अध्यक्ष सोमेश्वरानंद गिरी ने बैरागी कैम्प स्थित शंकराचार्य आश्रम में मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी के स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए हवन यज्ञ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीमहंत रविन्द्र पुरी समाज के लिए प्रेरणा श्रोत हैं। जिन्होंने लॉकडाउन के दौरान सम्पूर्ण कोरोना काल में गरीब असहाय लोगों को निरंतर भोजन उपलब्ध कराया और प्रशासन और शासन के माध्यम से भी निराश्रितों को हजारों कुंतल कच्चा राशन वितरित किया। उन्होंने कहा कि रविन्द्र पुरी के स्वास्थ्य लाभ की कामना समस्त संत समाज करता है वे जल्द ही स्वस्थ होकर अखाड़े में वापिस आयें और अपने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज व राष्ट्र का कल्याण करें। कहा कि वर्तमान समय में वे डेंगू की बीमारी से ग्रसित हैं और देहरादून के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य लाभ की कामना करने वालों में महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद, कोठारी महंत जसविन्द्र सिंह, महंत अमनदीप, मुखिया महंत दुर्गादास, कैलाशानंद ब्रह्मचारी, रविदेव शास्त्री, महंत निर्मल दास, महंत दर्शन दास, कपिल मुनि, महंत रूपेन्द्र प्रकाश, स्वामी राजेन्द्रानंद, ऋषिश्वरानंद समेत अन्य संत शामिल रहे।