धूमधाम से मनायी गयी गोपाष्टमी
हरिद्वार। तीर्थनगरी में गोपाष्टमी धूमधाम से गोमाता की पूजा के साथ मनाई गई। रविवार को जगह-जगह लोगों ने गोसेवा की और आश्रमों में गाय की विशेष पूजा की गई। इस मौके पर निरंजनी अखाड़े के महामण्डलेश्वर स्वामी सोमेश्वरानन्द गिरी ने कहा कि गोमाता में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है। गोमाता की सेवा से सहस्त्रगुणा पुण्यफल की प्राप्ति होती है। बैरागी कैंप स्थित शंकराचार्य आश्रम में गोपाष्टमी पर गुड़ खिलाकर गोमाता के पूजन के दौरान उन्होंने भक्तों को संबोधित किया। सोमेश्वरानन्द गिरी ने कहा कि श्रद्धापूर्वक गोमाता की आराधना करने से जातकों की हर मनोकामना पूर्ण होती है और सुख सौभाग्य में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गोमाता का विशेष स्थान है। क्योंकि जैसे एक मां का हृदय कोमल होता है। उसी प्रकार गोमाता का हृदय भी कोमल होता है। इस दौरान स्वामी नंदकिशोर, स्वामी संगम गिरी, कोठारी महंत सेवानन्द आदि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।