महादेव भगवान शिव ध्यान और ज्ञान का प्रतीक

हरिद्वार। आनन्द पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान शिव ध्यान और ज्ञान का प्रतीक हैं। जो भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उनके सभी मनोरथ पूरे करते हैं। जो श्रद्धालु भक्त श्रावण मास में विधि विधान से महादेव की आराधना करता है। उसके सभी कष्टों का निवारण भगवान शिव स्वयं करते हैं। भूपतवाला स्थित हरिधाम सनातन सेवा ट्रस्ट आश्रम में जारी भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चंना जारी है। शुक्रवार को विभिन्न प्रकार के दुर्लभ फूलों द्वारा भगवान शिव का श्रंग्रार कर रूद्राभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए स्वामी बालकानंद गिरी महाराज ने कहा कि देवों के देव महादेव भगवान शिव सृष्टि की उत्पत्ति, स्थिति एवं संहार के अधिपति हैं और अनादि सृष्टि प्रक्रिया के आदि स्रोत हैं। जो व्यक्ति भगवान भोलेनाथ की शरण में आ जाता है। उसका जीवन स्वयं ही सफल हो जाता है। इस अवसर पर महंत नत्थीनंद गिरी, महंत विकास गिरी, आचार्य मनीष जोशी, मोनू गिरी आदि मौजूद रहे।