युवाओं को रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जायेगा -डाॅ.पण्ड्या
हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में देश-विदेश के कोने-कोने से आये हजारों परिजनों ने बुधवार को यज्ञशाला में हवन कर वर्ष-2020 का स्वागत किया। वर्ष के प्रथम दिन गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या और संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि इस वर्ष सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां गायत्री की आराधना हेतु गृहे-गृहे गायत्री उपासना एवं सत्कर्म की ओर प्रेरित करने वाले गायत्री महायज्ञ को और अधिक गति देने का क्रम चलेगा। इसमें भागीदारी करने के लिए सभी वर्गों को जोड़ा जायेगा। डॉ. पण्ड्या ने कहा कि वर्ष 2020 में देश-विदेश के लाखों युवाओं को रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जायेगा। ये युवा राष्ट्र को उन्नत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। डॉ. पण्ड्या ने इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी का आह्वान किया। इस वर्ष नई पीढ़ी को सुसंस्कृत बनाने के उद्देश्य से आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण शिविर चलाये जायेंगे। गायत्री परिवार प्रमुख ने भारत के लिए वर्ष 2020 को शुभ बताते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि नया उत्साह, नई उमंग और उल्लास लिए कई शुभ संयोग लेकर वर्ष 2020 आ रहा है। यह वर्ष अच्छे विचारों को क्रियान्वित करने और अधूरे सपनों को पूरा करने हेतु दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने आया है।