जरूरतमंद और गरीब लोगों को कंबल तथा अन्य खाद्य सामग्री वितरित करवाई

हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्रीनिरंजनी की ओर से नए साल के पहले दिन नर सेवा को नारायण सेवा का चरितार्थ करते हुए चंडी घाट के पास स्थित तीन कॉस्ट रोगियों के आश्रमों में जाकर जरूरतमंद और गरीब लोगों को कंबल तथा अन्य खाद्य सामग्री वितरित करवाई गई। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने खाद्य सामग्री वितरित की। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और हम सभी को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। निरंजनी अखाड़े के सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने नया साल समाज के जरूरतमंदों के बीच आकर मनाया वह अनुकरणीय है। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि सभी समाज के लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि असली खुशी इसी बात में है कि हम अपने जीवन के खुशी के पल जरूरतमंद लोगों के साथ बांटे तभी हम अपना इंसान होने का फर्ज निभा पाते हैं। कहा कि नया साल इन लोगों के बीच मना कर उन्हें अपार खुशी हो रही है। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने रविंद्रपुरी के इस प्रयास की प्रशंसा की। इस दौरान कुष्ठ रोगियों को कंबल तथा खाद्य सामग्री में आटा चावल तेल और अन्य जरूरी सामान वितरित किए गए। जबकि दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा संचालित विद्यालय के बच्चों को भी गर्म कपड़े वितरित किए गए।