स्पर्श गंगा ने छात्र-छात्राओं के साथ निकाली तिरंगा यात्रा


हरिद्वार। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के सम्मान में स्पर्श गंगा ने कृपाल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं और अध्यापिकाओ के साथ मिलकर कृपाल नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा के समापन पर पहलगाम में शहीद हुए 26नागरिकों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गयी। प्रधानाचार्य रंजना शर्मा ने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया है। तब-तब भारतीय सेना ने अपनी जान की परवाह किए बिना भारत का स्वाभिमान बचाया है। भारत विरोधी ताकतों का मुकाबला करने के लिए हमें अपने संस्कारों की रक्षा करनी होगी और देश में व्याप्त बुराइयों को मिटाने के लिए एकजुट होना होगा। स्पर्श गंगा की रीता चमोली ने कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है।आक्रोश से भरा हुआ है और संकल्पबद्ध है।हर भारतीय का संकल्प है कि आतंकवाद को खत्म करना है।ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है।उसने हर हिंदुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया है। मंजू नौटियाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया भर में आतंक के खिलाफ लड़ाई को नया विश्वास और उत्साह दिया है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है।यह हमारे संकल्प,साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। तिरंगा यात्रा में रंजना शर्मा,रीता चमोली,मंजू नौटियाल,रजनी कंबोज,तारा नेगी,रेणु,रजनी वर्मा आदि शामिल रहे।