भक्त और भगवान की कथा है श्रीमद् भागवत-स्वामी शिवानंद
हरिद्वार। कनखल स्थित श्री हरेराम आश्रम में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराते हुए कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी शिवानन्द महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत भक्त और भगवान की कथा है। कथा का श्रवण करने से कल्याण होता है। कष्ट दूर होते हैं और परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि कथा के प्रभाव से संस्कार उत्पन्न होते हैं। इसलिए बच्चों को भी कथा का श्रवण अवश्य कराना चाहिए। आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा गंगा की भांति बहने वाली ज्ञान की अविरल धारा है। कथा से प्राप्त ज्ञान को आचरण में धारण करने से जीवन बदल जाता है। गंगा तट पर संत महापुरूषों के सानिध्य में कथा के आयोजन और श्रवण का विशेष महत्व है। कथा के प्रभाव से स्वयं के कल्याण के साथ पितरों को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सभी को कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए। साथ ही दूसरों को भी कथा श्रवण करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस अवसर पर कथा संयोजक डा.जितेंद्र सिंह, महंत गोविंद दास, महंत राघवेंद्र दास, महंत दामोदर शरण दास, महंत बलवंत दास, महंत सुदिक्ष्ण मुनि, स्वामी शिव गिरी, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिता सिंह, वमी परमेश्वर मुनि,स्वामी कृष्ण मुनि, महंत गंगादास, स्वामी नामदेव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।