यज्ञ करने से प्रसन्न होते हैं देवी देवता-पंडित पवन कृष्ण शास्त्री

 


हरिद्वार। श्री राधा रसिक बिहारी भागवत परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में मोहल्ला मेहतान पीठ बाजार ज्वालापुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अष्टम् दिवस पर भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने यज्ञ की महिमा का वर्णन करते हुए बताया प्रत्येक व्यक्ति को यज्ञ अवश्य करना चाहिए। यज्ञ करने से भगवान नारायण एवं समस्त देवी देवता प्रसन्न होते हैं। शास्त्री ने बताया कि जब ब्रह्मा के द्वारा सृष्टि की रचना की गई तो सभी देवी उनके पास आ कर कहते हैं कि हमारी भूख शांत नहीं हो रही है। पेट भर कर हमें कुछ मिलता ही नहीं है, आप कुछ उपाय कीजिए। देवताओं के निवेदन करने पर ब्रह्मा ने एक कन्या को उत्पन्न किया। जिसका नाम स्वाहा था। उन्होंने उस कन्या का विवाह यज्ञ नारायण के साथ कर दिया। ब्रह्मा ने कहा कि आज से जिस भी देवी देवता का नाम लेकर यज्ञ करते हुए स्वाहा उच्चारण करते हुए आहुति दी जाएगी। वह आहुति उसी देवता को प्राप्त हो जाएगी। जिससे समस्त देवी देवताओं के आहार की व्यवस्था बनेगी। तभी से प्रत्येक घर में यज्ञ की परंपरा प्रारंभ हुई। शास्त्री ने बताया कि यज्ञ करने से देवताओं की प्रसन्नता और तृप्ति होती है और उनकी कृपा सब के ऊपर बनी रहती है। जिससे घर में सुख, समृद्धि, धन, धान्य, आयु और आरोग्य की वृद्धि होती है। इसलिए प्रत्येक सद्गृहस्थ को नित्य घर में यज्ञ करना चाहिए। अगर नित्य न कर सके तो पूर्णमासी,संक्रांति या अमावस पर यज्ञ अवश्य करें। कथा के मुख्य जजमान सुमन अग्रवाल,सुभाष अग्रवाल,प्रिया अग्रवाल,गौरव अग्रवाल सहित समस्त अग्रवाल परिवार ने भागवत एवं व्यास पूजन संपन्न किया।