जलालपुर मामले को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने बेहतर तरीके से संभालाः पुरी

 हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि उत्तराखंड एक शांत प्रदेश है। यहां पर किसी भी प्रकार का वाद-विवाद नहीं है। भगवानपुर के डाडा जलालपुर में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला। जिसके लिए वह प्रशंसा के पात्र है। प्रेस को जारी किए गए बयान में श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि भगवानपुर के जलालपुर मामले को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहतर तरीके से सुलझाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम विवाद पैदा न हो जाए। इसके लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सराहनीय कार्य किया है। इसके साथ ही सभी संतो-महात्माओं को भी वहां से समझा बुझाकर वापस भेजा है। उन्होंने कहा कि संतों का कार्य धर्म के साथ-साथ समाजसेवा करना भी है। ज्यादा से ज्यादा स्कूल, कॉलेज खोलकर बच्चों को शिक्षा देने के साथ ही रोजगार के अवसर देने की दिशा में कार्य करना भी हमारा कर्तव्य है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बताया कि उत्तराखंड के दूर-दराज स्थलों पर जहां पर शिक्षा का अभाव है वहां कॉलेज बनवाएं और मठ मंदिर बनाएं। जिससे वहां की जनता को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार भी मिले। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा संत बड़े परमार्थी व शीतल होते हैं। उत्तराखंड में कोई भी वाद-विवाद नहीं होना चाहिए। यह देवताओं की भूमि है। यहां पर सिर्फ अध्यात्म व धर्म की बात होनी चाहिए।